मानवेन्द्र नाथ राय का उग्र मानवतावाद अथवा नव मानवतावाद क्या है? उनके गांधी तथा कांग्रेस से क्या मतभेद थे?
मानवेन्द्र नाथ राय (1887-1954) में क्रियाशालता तथा विचारों की गहनता का अनोखा समन्वय देखने को मिलता है।
उनके राजनीतिक जीवन के तीन चरण महत्वपूर्ण हैं-
पहला, एक राष्ट्रवादी नेता के रूप में
दूसरा, एक कट्टर मार्क्सवादी के रूप में, तथा
तीसरा, उग्र मानवतावाद के समर्थक के रूप में ।
एक राष्ट्रवादी नेता
मानवेन्द्र नाथ राय बचपन से भारत की आजादी के लिये राष्ट्रवादी भावनाओं से ओतप्रोत थे। उन्होंने 12 वर्ष की आयु में ही बंगाल की क्रान्तिकारी गतिविधियों में लेना आरंभ किया। जब वे 14 साल के थे तथा हाई स्कूल के छात्र थे तो उन्हें ब्रिटिश सरकार के विरूद्ध एक राजनीतिक रैली निकालने के आरोप में स्कूल से निष्काषित कर दिया गया था। बंगाल विभाजन के दौरान उन्होंने क्रान्तिकारी संगठनों जैसे अनुशीलन समिति व जुगान्तर पार्टी की गतिविधयों में भाग लिया तथा कई बार उन्हें हिरासत में लिया गया। यही उनके जीवन का राष्ट्रवादी चरण है।
एक कट्टर मार्क्सवादी
जतीन्द्रनाथ मुखर्जी के नेतृत्व में युगान्तर पार्टी में सक्रिय होने के कारण राय जर्मनी से हथियार प्राप्त कर भारत में क्रान्तिकारी गतिविधियों को बढ़ाने का प्रयास कर रहे थे। इसी प्रयास में प्रथम विश्व युद्ध के समय वे 1915 में चीन होते हुये वे जापान पहुचे। इस मिशन में उन्हें सफलता नही मिली, लेकिन वे जापान से अमेरिका चले गये। अमेरिका में वे मार्क्सवादी विचारों के प्रभाव में आ गये तथा कट्टर मार्क्सवादी बन गये। अमेरिका में ब्रिटिश विरोधी गतिविधयों के कारण उन्हे हिरासत में ले लिया गया, लेकिन वे चकमा देकर हिरासत से बच निकले तथा बचने के लिये मेक्सिको चले गये। मैक्सिको में उन्होंने 1919 में मैक्सिको साम्यवादी पार्टी की स्थापना की, जो आज भी मेक्सिको में ’पार्टी आफ डेमोक्रेटिक रिवाल्यूशन’ के नाम से कार्यरत है। राय की मार्क्सवादी गतिविधयों से प्रभावित होकर लेनिन ने उन्हें रूस बुला लिया। रूस में पहुंचकर राय ने 1920 में मास्को में भारतीय साम्यवादी पार्टी की स्थापना की। यह विदेश में स्थापित भारत की पहली साम्यवादी पाटी है। लेकिन उपिनवेशों में साम्यवादी आन्दोलन के विस्तार के तरीके को लेकर लेनिन व राय के बीच गंभीर मतभेद उत्पन्न हो गये। लेनिन का मानना था कि उपनिवेशों में सर्वहारा वर्ग अभी मजबूत नही है, अतः वहां के राष्ट्रवादी बुर्जुवा अथवा धनी वर्ग से मिलकर की वहां साम्यावादी आन्दोलन का विस्तार किया जाना चाहिये। इसके विपरीत राय उपनिवेशों में बुर्जुआ वर्ग से तालमेल करने के पक्ष नही थे। वे चाहते थे कि सीधे किसानों व मजदूरों के सहयोग से उपनिवेशवादी देशों में साम्यवादी आन्दोलन चलाया जाये। लेनिन ने राय के दृष्टिकोण को सीमित तथा अव्यवहारिक माना। इस मतभेद के कारण अन्ततः राय 1930 में भारत आ गये। इस प्रकार 1915 से 1930 का कालखण्ड राय के जीवन में कट्टरवादी मार्क्सवाद का चरण माना जा सकता है।
राय का नव मानवतावाद अथवा उग्र मानवतावाद
मानवेन्द्र नाथ राय ने 1920 के दशक में मार्क्सवाद की विचारधारा पर आधारित रूस की साम्यवादी व्यवस्था को नजदीक से देखा था। वे रूस में स्टालिन की अधिनायकवादी व्यवस्था तथा विरोधियों के दमन से सहमत नही थे। इसके अलावा वे मार्क्स के आर्थिक नियतिवाद से सहमत नही थे। अतः भारत वापिस आने पर उनका मार्क्सवाद से मोह भंग हो गया। इसकी प्रतिक्रियास्वरूप उन्होंने मानव केन्द्रित उग्र मानवतावाद की धारणा का प्रतिपादन किया।
राय के उग्र मानवतावादी सिद्धान्तों का विवरण उनके द्वारा 1946 में प्रकाशित ’22 सिद्धान्त’ नामक पुस्तिका में मिलता है, जिसमें उग्र मानवतावादी से संबन्घित 22 सिद्धान्तों का उल्लेख है। इसी के आधार पर उग्र मानवतावाद की प्रमुख विशेषतायें निम्नलिखित हैं-
- मानव की गरिमा तथा मानव स्वतंत्रता में विश्वास। उग्र मावनतावाद का मुख्य विचार मानव स्वतंत्रता है।
- मानव के विवेक तथा नैतिकता में विश्वास- उग्र मानवतावाद मानता है कि व्यक्ति मूलरूप से विवेकशील व नैतिक प्राणी है।
- वैज्ञानिक दृष्टिकोण का समथर्न– उग्र मानवतावाद धार्मिक अन्धविश्वास के स्थान पर समाज के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का समर्थक है।
- राष्ट्रवाद के स्थान पर अन्तर्राष्ट्रीयतावाद तथा विश्ववाद का समर्थन- उग्र मानवातावाद चूंकि मानव-क्रेन्द्रित विचारधारा है, अतः यह अन्तर्राष्ट्रीयतावाद का समर्थन करती है।
- समाज का आधार भौतिकता है, आध्यात्मिकता नही– उसके अनुसार समाज की वास्तविकता भैतिकता है, आध्यात्मिकता नही। लेकिन वे मार्क्स के आर्थिक नियतिवाद के विरोधी हैं।
राय का कांग्रेस तथा गांधी के साथ मतभेद
राय 1930 में भारत आने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गये थे। उन्होने ही पहली बार भारतीयों के लिये अलग संविधान सभा की मांग की थी, जिसे 1935 में आधिकारिक तौर पर कांग्रेस द्वारा अपनाया गया था। इस मांग को 1940 में ब्रिटिश सरकार ने स्वीकार किया था।
लेकिन 1939 में द्वितीय विश्व युद्ध के समय राय तथा कांग्रेस की नीतियों में गंभीर मतभेद उत्पन्न हो गये। कांग्रेस इस युद्ध का इसिलये विरोध कर रही थी कि बिना भारतीयों की सहमति के उन्हें ब्रिटेन ने युद्ध में धकेल दिया है। अतः कांग्रेस ने युद्ध का विरोध करने के लिये पहले 1940 में व्यक्तिगत सत्याग्रह का आयोजन किया तथा बाद में जब युद्ध में ब्रिटेन की स्थिति कमजोर हो गयी तो 1942 में भारत छोड़ो आन्दोलन चलाया था। राय कांग्रेस की इस नीति से सहमत नही थे। उनका मानना था कि कांग्रेस को युद्ध में ब्रिटेन का साथ देना चाहिये ताकि फासीवादी देशों को हराया जा सके। इसीलिये राय ने भारत छोड़ो आन्दोलन की कड़ी आलोचना की थी। इस प्रकार राय कांग्रेस से अलग हो गये तथा उन्होंने 1940 में रेडिकल उेमोक्रेटिक पार्टी की स्थापना की, जिसका मुख्य उद्देश्य उग्र मानवतावादी विचारधारा को लागू करना था।
गांधी के साथ राय के मतभेद मुख्यतः निम्न बिन्दुओं पर थे-
- गांधी के विचार धार्मिक नैतिकता तथा आध्यात्मिकता पर आधारित थे, जिनका राय विरोध करते थे।
- गांधी के लिये अहिंसा एक स्थाई विश्वास था, लेकिन राय अहिंसा को केवल एक रणनीति मानते थे। अतः राय के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर हिंसक साधन भी अपनाये जा सकते हैं।
- गांधी स्वतंत्रता आन्दोलन में धनी लोगों सहित सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहते थे, लेकिन राय केवल श्रमिकों, तथा किसानो का गठबन्धन बनाना चाहते थे तथा गांधी के विरूद्ध बुर्जुआ वर्ग के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाते थे।
एम एन राय की प्रमुख पुस्तकें
- इन्डिया इन ट्रान्जीशन-1922
- फ्यूचर आफ इन्डियन पालिटिक्स- 1926
- साइन्स एण्ड सुपरिस्टीशन- 1940
- न्यू ह्यूमनिज्म- 1946

चित्र साभार- दा प्रिन्ट
Leave a Reply